यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 16 मार्च स्रे
यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 16 मार्च स्रे
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाएं 16 मार्च से 21 अप्रैल के बीच होंगी। बोर्ड की ओर से बुधवार को सचिव शैल यादव ने विस्तृत परीक्षा कार्यक्रम जारी किया। इसके मुताबिक हाईस्कूल परीक्षा 16 मार्च से एक अप्रैल के बीच कुल 15 कार्य दिवसों और इंटरमीडिएट परीक्षा 16 मार्च से शुरू होकर 21 अप्रैल के बीच कुल 25 कार्यदिवसों में पूरी होगी। इससे पूर्व 2016 की बोर्ड परीक्षा इस बार की अपेक्षा लगभग एक महीने पहले 18 फरवरी से 23 मार्च के बीच पूरी हुई थी। अबकी विधानसभा चुनाव की वजह से चुनाव आयोग ने यूपी बोर्ड से परीक्षा तिथि आगे बढ़ाने को कहा था।
यूपी बोर्ड परीक्षा 2017 में हाईस्कूल में 34,04,715 तथा इंटरमीडिएट में 26,56,319 अर्थात कुल 60,61,034 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
बोर्ड सचिव के मुताबिक इस बार भी 31 संवेदनशील जिलों में कोडिंग वाली उत्तर पुस्तिकाएं प्रयोग की जाएंगी। 2017 की परीक्षा में 2016 की अपेक्षा 7.60 लाख परीक्षार्थी कम हो गए।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल-इंटरमीडिएट की परीक्षाएं होली के दो दिन बाद 16 मार्च से शुरू होने से परीक्षार्थियों की होली फीकी रहेगी, परीक्षार्थियों को होली पर मस्ती करना भारी पड़ सकता है। 2016 में बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी से शुरू होने और होली 24 मार्च को पड़ने के कारण हाईस्कूल की परीक्षा पूरी हो गई थी जबकि इंटरमीडिएट के प्रमुख विषयों की परीक्षाएं भी पूरी हो गई थी।
अबकी बार बोर्ड परीक्षा में गतवर्ष की अपेक्षा कुल सात लाख साठ हजार चार सौ इकसठ परीक्षार्थी कम हो गए। हाईस्कूल परीक्षा में 3,45,039 तथा इंटरमीडिएट में 4,15,422 अर्थात 7,60,461 परीक्षार्थी कम हो गए।
हाईस्कूल-इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए कुल 11 हजार 500 परीक्षा केन्द्र बनाए जाने की संभावना है। बोर्ड सचिव के मुताबिक परीक्षा 21 अप्रैल तक पूरी करने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन होगा। बोर्ड परीक्षा 2017 के लिए 70 फीसदी उत्तर पुस्तिकाएं राजकीय मुद्रणालय में छपकर तैयार हो चुकी हैं। कापियों को जिले में भेजने का काम शुरू हो चुका है।
कापियों में हेरा-फेरी रोकने केलिए 31 जिलों की कापियों पर कोडिंग की जाएगी। जिन जिलों की कापियों की कोडिंग की जाएगी उनमें शाहजहांपुर, मुरादाबाद, बदायूं, संभल, हरदोई, गोंडा, अंबेडकरनगर, सुल्तानपुर, संतकबीर नगर, सिद्घार्थनगर, कुशीनगर, आगरा, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, मैनपुरी, फिरोजाबाद, कासगंज, आजमगढ़, जौनपुर, इलाहाबाद, कौशांबी, कानपुर नगर, कानपुर देहात, फतेहपुर, चित्रकूट, बलिया, देवरिया, भदोही, गाजीपुर शामिल हैं।
No comments: