तय तिथि पर नहीं होगी पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा
तय तिथि पर नहीं होगी पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा
पीसीएस 2017 प्रारंभिक परीक्षा को लेकर भ्रम फिलहाल दूर हो गया है। पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा अब 19 मार्च को नहीं हो पाएगी। मुख्य परीक्षा की भी तिथि आगे बढ़ाई जाएगी। हालांकि, उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने अभी नई तिथि तय नहीं की है। परीक्षा तिथि आगे बढ़ाए जाने से यह भी तय माना जा रहा है कि मुख्य परीक्षा में सिविल सेवा का प्रारूप पीसीएस 2017 से ही लागू किया जाएगा। इसका प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।
आयोग की ओर से जारी वार्षिक कैलेंडर के अनुसार प्रारंभिक परीक्षा 19 मार्च को प्रस्तावित थी। मुख्य परीक्षा जुलाई में प्रस्तावित थी। इस लिहाज से पीसीएस-2017 के लिए अब तक विज्ञापन जारी हो जाना चाहिए थे। इसके विपरीत आयोग की मंशा है कि इसी सत्र से मुख्य परीक्षा में सिविल सेवा का प्रारूप लागू कर दिया जाए लेकिन इसके लिए अभी तक शासन से मंजूरी नहीं मिल पाई है। अब आचार संहिता लागू हो गई है। ऐसे में नई सरकार के गठन के बाद ही शासन को नए प्रारूप का प्रस्ताव भेजा जा सकेगा। इसको लेकर बने गतिरोध की वजह से अभी तक विज्ञापन जारी नहीं हो सका। जबकि, आयोग के अफसरों का प्रयास रहा कि परीक्षा तय तिथि पर ही कराई जाए।
इसकी वजह से दुविधा की स्थिति बन गई थी। हालांकि अब दुविधा दूर हो गई है। सचिव अटल राय ने बताया कि पूर्व तय तिथि पर परीक्षा नहीं हो पाएगी। उनका कहना है कि पूर्व में तय तिथि के दो महीने बाद परीक्षा कराए जाने की उम्मीद है। हालांकि अभी नई तिथि तय नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि आयोग की कार्यशाला में शामिल विशेषज्ञों के सुझाव पर परीक्षा प्रारूप और सिलेबस में बदलाव का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। आयोग की अनुमति के बाद शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
No comments: